संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विद्युत निगमों के निजीकरण और आंदोलन कर रहे कर्मचारियों के उत्पीड़न के विरोध में मंगलवार को बिजली कर्मियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान कहा कि 20 फरवरी को बिजलीकर्मी विरोध दिवस मनाएंगे।
संघर्ष समिति के पदाधिकारी आशीष कुमार ने कहा कि लंबे समय से बिजलीकर्मी धरना दे रहे हैं। इसके बाद भी कोई सार्थक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ऐसे में नियमित कर्मचारी, संविदा कर्मी, जूनियर इंजीनियर तथा अभियंता भोजनावकाश के बाद कार्यालय समय के उपरांत अपने कार्यस्थलों पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
संघर्ष समिति के पदाधिकारी धीरेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि निजीकरण के विरोध में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे बिजली कर्मियों के विरुद्ध लगातार उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की जा रही है। इससे कर्मचारियों में आक्रोश है। इसके बावजूद बिजलीकर्मी आंदोलन के दौरान उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दे रहे हैं।