- निजीकरण के विरोध में अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर दिया धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विद्युत निगमों के निजीकरण के विरोध में शनिवार को बिजली कर्मियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान बिजली कर्मियों ने आवासों पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर विरोध जताया और चेतावनी दी कि यह कार्य तत्काल रोका जाए, अन्यथा 26 फरवरी को कर्मचारी वृहद आंदोलन करेंगे।
संघर्ष समिति के पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि ऊर्जा निगमों के कर्मचारियों को रियायती विद्युत सुविधा इलेक्ट्रिसिटी रिफॉर्म एक्ट एवं ट्रांसफर स्कीम के अंतर्गत प्राप्त है। जिसे इलेक्ट्रिसिटी एक्ट द्वारा भी संरक्षण प्राप्त है। इसके बावजूद कर्मचारियों के आवासों पर बलपूर्वक स्मार्ट मीटर लगाए जाना, उनके अधिकारों का उल्लंघन है। संघर्ष समिति के पदाधिकारी सूरज प्रजापति ने कहा कि बिजली कर्मचारियों के आवासों पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई तत्काल रोकी जाए तथा इस विषय पर समिति के साथ शीघ्र वार्ता की जाए। इसके साथ ही निजीकरण का प्रस्ताव वापस लिया जाए।
धरना में इंजीनियर मुकेश गुप्ता, प्रदुम कुमार, दिलीप सिंह, सुनील प्रजापति, सूरज प्रजापति, अशोक कुमार, मनोज यादव, चंद्र केश मौर्य, रंजन कुमार, बृजेश कुमार आर्यन कुमार, विजय कुमार आदि मौजूद रहे।