अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन करते बिजली कर्मी-स्रोत बिजली निगम
संतकबीरनगर। बिजली निगमों के निजीकरण, इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल, स्मार्ट प्रीपेड मीटर और न्यूक्लियर एक्ट के विरोध में बुधवार को बिजली कर्मियों ने ट्रेड यूनियन और किसान मोर्चा के साथ संयुक्त रूप से अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान बिजली कर्मियों ने मांग किया कि निजीकरण का फैसला तत्काल वापस लिया जाए।
संघर्ष समिति के पदाधिकारी इंजीनियर राजेश कुमार ने कहा कि इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल 2025 के जरिए केंद्र सरकार देश के संपूर्ण विद्युत वितरण क्षेत्र का निजीकरण करना चाहती है। सरकारी विद्युत वितरण कंपनियों का नेटवर्क इस्तेमाल करने की निजी कंपनियों को छूट देगी और निजी कंपनियां केवल मुनाफे वाले क्षेत्र में बिजली आपूर्ति करेंगे। परिणाम स्वरूप सरकारी विद्युत वितरण निगमों के पास कृषि और गरीब उपभोक्ताओं का घाटे वाला क्षेत्र रह जाएगा और सरकारी विद्युत वितरण कंपनियां कंगाल हो जाएगी।
विरोध प्रदर्शन में इंजीनियर अमित सिंह, राधेश्याम, संतोष गुप्ता , मुकेश गुप्ता, अमरनाथ यादव, दिलीप सिंह, दुर्गा प्रसाद , अशोक कुमार, आर्यन कुमार, वीरेंद्र मौर्य , सूरज प्रजापति, नारायण चंद्र चौरसिया आदि शामिल रहे।