दो दिन में विद्युत उपकेंद्र चौरा कला से होगी आपूर्ति
- पौली क्षेत्र के 80 गांवों को लो वोल्टेज और लोकल फाल्ट से मिलेगी निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। विद्युत उपकेंद्र चौरा कला से दो दिन में विद्युत आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इससे क्षेत्र के 80 गांवों को फायदा मिलेगा। इन गांवों के लोगों को लो वोल्टेज और लोक फाल्ट की समस्या से निजात मिलेगी।
दो साल से विद्युत उपकेंद्र चौरा कला से सप्लाई दिए जाने का इंतजार पौली ब्लॉक क्षेत्र के लोगों को है। तमाम अड़चनों को दूर करते हुए विद्युत वितरण निगम ने विद्युत उपकेंद्र चौरा कला तक सप्लाई शुरू करने में सफलता हासिल कर ली है।
पौली ब्लॉक क्षेत्र के चौरा कला में विद्युत सब स्टेशन का शिलान्यास वर्ष 2018 में हुआ था। दो साल के भीतर कार्य पूरा करके 2020 से विद्युत सप्लाई किए जाने का दावा विद्युत निगम ने किया था। सब स्टेशन का निर्माण कार्य 2020 में पूरा भी हो गया, लेकिन विद्युत सप्लाई की जब बारी आई तो तरह-तरह की अड़चन सामने आ गई। इन अड़चनों को दूर करने में विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों को दो वर्ष लग गए। विद्युत उप केंद्र चौरा कला से सप्लाई शुरू कराने के लिए विधायक गणेश चंद चौहान ने भी जिले से लेकर लखनऊ तक के अधिकारियों से संपर्क किया।
विद्युत वितरण निगम के जेई अजय कुमार ने बताया कि नाथनगर से विद्युत उप केंद्र चौरा कला तक विद्युत सप्लाई पहुंच गई है। चौरा कला में लगाए गए ट्रांसफार्मर चार्ज भी हो गए हैं। कुछ अन्य तकनीकी मामले हैं, जिन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। दो दिनों के अंदर विद्युत उप केंद्र चौरा कला के शनिचरा बाजार और पौली फीडर से विद्युत सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। दोनों फीडरों से 80 गांव जुड़े हैं।
चौरा कला विद्युत सब स्टेशन को चालू कराने के लिए विभागीय मंत्री से लेकर उच्चाधिकारियों तक संपर्क किया गया। इसमें जो कमियां थी, उसे विद्युत निगम से दूर किया। दो दिनों के भीतर पौली क्षेत्र के दो फीड़रों के 80 गांवों को बिजली आपूर्ति की जाएगी।
- गणेशचंद्र चौहान, विधायक धनघटा