- गर्मी से बेहाल रहे लोग, जागकर गुजारनी पड़ी रात
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। विद्युत उपकेंद्र करमा खान के करही गांव में मंगलवार की रात बिजली तार टूट कर गिरने से पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके कारण गर्मी से लोग बेहाल रहे और लोगाें को रात जागकर गुजारनी पड़ी।
मंगलवार को रात करही गांव में दस बजे बिजली तार टूट कर गिर गया। गांव वालों ने लाइनमैन से लेकर विभाग के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नही हो सकी। टूटा तार जमीन पर पड़ा रहा। इससे गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।इसके चलते पंखा, कूलर बेकार हो गए और लोग पूरी रात लोग परेशान रहे। स्थिति यह रही की लोगों को रात जागकर गुजारनी पड़ी। महिलाओं व बच्चों को तो काफी परेशानी उठानी पड़ी।
वैसे करही गांव की आबादी लगभग आठ हजार है। दिन में बिजली आपूर्ति वैसे भी बंद रहती है। रात में भी बिजली खराब होने से लोगों को दिक्कत बढ़ जा रही है। गांव के इजहार अहमद, हाजी अजमल, इरशाद अहमद, महमूद अहमद, ज़हीर अहमद, राज कुमार, राम अंजोर आदि ने बताया कि करही गांव के पूरब मोहल्ला में अक्सर तार टूटकर गिर जाता है। जर्जर तार के चलते यहां समस्या बनी रहती है। मंगलवार को तार टूट कर गिर गया। लाइन मैन से फोन लगाकर बिजली तार जोड़ने को कहा गया, लेकिन पूरी रात आपूर्ति बहाल करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। जिससे पूरी रात लोग रात जागकर बिताई। अवर अभियंता इंद्रेश गुप्ता ने बताया कि टूटे तार को ठीक करा दिया गया है। इसके साथ ही आपूर्ति बहाल हो गई है।