मेंहदावल। विद्युत वितरण खंड के बखिरा क्षेत्र में बुधवार को विद्युत निगम की चार टीमों ने 152 घरों की बिजली की चेकिंग की । जिसमें 35 घरों का विद्युत बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन काट दिया गया। इस दौरान दो लाख 40 हजार रुपये बकाए की धनराशि वसूल की गई।
अधिशासी अभियंता पीके गुप्ता के नेतृत्व में विद्युत निगम की चार टीमों ने सुबह से ही बखिरा क्षेत्र में विद्युत चोरी रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान 152 घरों की बिजली की चेकिंग की गई। इसमें 35 घरों की बिजली बिल बकाया होने के चलते काटी गई, इनके ऊपर करीब 7 लाख 35 हजार रुपये का बिल बकाया है।
चेकिंग के दौरान दो लाख 40 हजार रुपये की बकाया बिल की वसूली की गई। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील किया कि विच्छेदन तिथि के अंदर अपना बकाया बिजली बिल जमा करवाएं एवं बिजली चोरी न करें। उपभोक्ताओं को सही एवं समय पर बिल प्रदान करने के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं को ऑटोमेटिक रीडिंग के माध्यम से बिल प्राप्त होगा एवं गलत रीडिंग पर भी अंकुश लगेगा। संवाद