मेंहदावल। भीषण गर्मी में उपभोक्ता बिजली आपूर्ति की अनियमितता की मार झेल रहे है। शाम ढलते ही शहर से लेकर गांव तक बिजली फाल्ट की समस्या लगातार बिजली आपूर्ति को बाधित कर रही है।
सोमवार को जहां शहर के कई वार्ड में बिजली फाल्ट की समस्या सामने आने के कारण आपूर्ति बाधित रहा वहीं ग्रामीण क्षेत्र में भी लोग अंधेरे में रहे। उमस भरी गर्मी में बिजली आपूर्ति उपभोक्ताओं को दगा दे रही है। शाम ढलते ही शहर से लेकर गांव तक बिजली फाल्ट की समस्या चरम पर पहुंच जा रही है। जिसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रहा है और गर्मी से परेशान उपभोक्ता व्यवस्था को कोसते नजर आ रहे हैं।
सोमवार को रोस्टर के अनुसार 1:15 मिनट से 2:05 मिनट दिन में रोस्टर निर्धारित है लेकिन चार से पांच घंटे तक बिजली गुल रही। अवर अभियंता मनवापुर से पूछने पर पता चला कि ग्रामीण सब स्टेशन के जेई 33 केवी का शट-डाउन लिए है। इसके कारण समय से आपूर्ति बहाल नहीं हो पाया।
सबसे बुरी स्थिति ग्रामीण क्षेत्र की ग्रामीण क्षेत्र में तैनात अवर अभियंता शाम ढलते ही अपना स्टेशन छोड़कर अन्य जनपद में स्थित आवास पर निकल जाते हैं। जिसका नतीजा यह होता है कि ग्रामीण क्षेत्र में बिजली फाल्ट की समस्या आने के बाद बिजली उपभोक्ता और अभियंता को सूचित करते हैं और अवर अभियंता समय से फोन नहीं उठाते। जिसके कारण उपभोक्ता रतजगा करने को मजबूर हैं।
बिजली उपभोक्ता मुग्गन यादव, अजय कुमार तिवारी, कृष्णानंद, मकसूदन आदि ने बताया कि मेंहदावल बिजली वितरण खंड के अंतर्गत स्थित मेंहदावल ग्रामीण की बिजली व्यवस्था का काफी बुरा हाल है।
यहां तैनात अवर अभियंता शाम ढलते ही ग्रामीण क्षेत्र का फीडर छोड़कर अन्य जनपद में स्थित अपने आवास को निकल जाते हैं। ऐसे में बिजली फाल्ट की समस्या आने के बाद अवर अभियंता को सूचित करने के बाद भी 24 से 48 घंटे बिजली फाल्ट की समस्या दूर करने में लग जाता है।
इससे ग्रामीण क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहता है। सोमवार को देर शाम छपिया अंगद पचनौरी समेत कई गांव फाल्ट के कारण अंधेरे में रहे।