मड़या में लोकल फाल्ट ठीक करते कर्मचारी
संतकबीरनगर। भीषण गर्मी से बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ाने लगी है। ट्रांसफार्मर गर्म होकर खराब हो रहे हैं तो वहीं लोकल फाल्ट की समस्या भी बनी हुई है। पिछले कई दिनों से शहर क्षेत्र में बारिश न होने से भी उमस बढ़ा है।
शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार को लेकर विद्युत निगम लगातार दावा कर रहा है। जर्जर तार और पोल बदलने के साथ ही केबिल के तार लगाए जाने के बाद आपूर्ति में सुधार की बात कहीं जा रही है, लेकिन हकीकत यह है कि बार-बार बिजली की ट्रिपिंग हो रही है। शनिवार को मड़या काली मंदिर पर लगे 400 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया।
हालांकि बाद में बिजली कर्मियों ने मशक्कत के बाद खराबी दूर करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल की। पिछले एक सप्ताह की बात करें तो जिला अस्पताल फीडर में दिक्कत आई थी, इसके साथ ही गोलाबाजार, विधियानी, टीचर्स काॅलोनी, जूनियर हाईस्कूल आदि क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों में खराबी आ चुकी है। बिजली उपभोक्ता दिनेश कुमार, प्रदीप कुमार आदि ने कहा कि बिजली की ट्रिपिंग और लोकल फाल्ट के चलते गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है।