संतकबीरनगर। शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतर गई है। बुधवार देर रात शहर के गोरखल में जंपर कट गया, जिससे चार मोहल्लों की बिजली गायब हो गई। पूरी रात उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में गुजारनी पड़ी। सुबह नौ बजे के बाद बिजली सप्लाई चालू हुई। इस दौरान लोगों को पानी आदि समस्याओं से जूझना पड़ा।
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस बना रहा। इस बीच बिजली के संसाधन जवाब देने लगे हैं। निगम का दावा फेल नजर आ रहा है। स्थिति यह है कि बुधवार की देर रात्रि गोरखल मोहल्ले में जंपर कट गया, जिसके कारण गोरखल, गौसपुर सहित विभिन्न मोहल्लों में बिजली गुल रही। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। पूरी रात लोगों को टहल कर गुजारनी पड़ी। महिलाओं व बच्चों का बुरा हाल रहा। सुबह पानी का भी संकट खड़ा हो गया, जिससे स्नान सहित भोजन तैयार करने में दिक्कत आई।
सुबह नौ बजे निगम कर्मियों ने जंपर जोड़कर आपूर्ति बहाल की। इसी तरह औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े मोतीनगर, मीट मंडी सहित विभिन्न मोहल्लों में ट्रांसफार्मर हीट होने से आपूर्ति बाधित रही। सूचना के बाद विद्युत कर्मियों ने समस्या का निदान करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल की। गोरखल निवासी अमित वर्मा, उमेश चंद्र आदि ने कहा कि पूरी रात बिजली गुल रहने से नींद पूरी नहीं हो सकी। उमस भरी गर्मी से काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
00000000000000
10 एमबी का ट्रांसफाॅर्मर हुआ हीट
विद्युत सब स्टेशन में लगा 10 एमबी का ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार को हीट हो गया। इसके कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित है। चूंकि यहां से मुख्य सप्लाई होती है ऐसे में विद्युत कर्मियों को यहां कूलर लगाकर ट्रांसफाॅर्मर को ठंडा करने का प्रयास किया। काफी देर बाद ट्रांसफार्मर कुछ ठंडा हुआ तो आपूर्ति बहाल हो सकी।
तितौवा में ट्रांसफार्मर में लगी आग
शहर के तितौवा मोहल्ले में बिजली आपूर्ति के लिए लगाए गए ट्रांसफाॅर्मर में बृहस्पतिवार की सुबह अचानक आग लग गई। कुछ लोगों ने प्रयास कर आग को बुझाया। गनीमत यह रही कि ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट नहीं हुआ, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। क्योंकि लोग इधर से होकर गुजरते रहे।