संतकबीरनगर/कांटे। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र में अलग-अलग हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि अन्य तीन लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाकर शव को जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवा दिया। मृतक का अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास पर रात 11 बजे के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वही काटें चौकी क्षेत्र के जिगिना गांव के पास रात में दो बजे के आसपास नेशनल हाइवे पर हादसा हुआ। लखनऊ से गोरखपुर की तरफ जा रही कार एक ट्रक की चपेट में आ गई। घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे में घायलों को गाड़ी से कड़ी मशक्कत के बाद निकलवाकर सीएचसी खलीलाबाद भिजवाया। जहां से घायलों को उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखकर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान संजीव कुमार सिंह (36) पुत्र दिवंगत उदय प्रताप सिंह निवासी गेलिया थाना हलधरपुर जनपद मऊ, अशोक कुमार सिंह (28) पुत्र रामनरेश निवासी पीपराकनक मठिया थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर और ट्रक चालक अखिलेश कुमार निवासी ननहीपुर थाना पट्टी जनपद प्रतापगढ़ के रुप में हुई। ट्रक चालक महराजगंज से ट्रक को लेकर लखनऊ जा रहा था। इसी दौरान कार रांग साइड से आ गई और हादसा हो गया। जबकि दोनों घायलों का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।