संतकबीरनगर। बिजली निगम ने बकाया बिल वसूली के लिए सख्ती बरतनी शुरु कर दी है। नए निर्देशों के अनुसार अब पांच केवीए से ज्यादा भार वाले लोगों का बकाया नहीं रखा जाएगा। निर्धारित तिथि तक बिल का भुगतान न होने पर उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। जिले में पांच किलोवाट भार वर्ग वाले लगभग 2000 बिजली उपभोक्ता हैं, जिन पर विभाग का लगभग 40 करोड़ रुपये राजस्व बकाया है। औद्योगिक एवं नगरीय क्षेत्र होने के बाद ऐसे उपभोक्ताओं की संख्या ज्यादा है। बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि ऐसे उपभोक्ता परोक्ष या प्रत्यक्ष रूप से किसी न किसी व्यवसाय से जुड़े होते हैं। वह लेनदेन लगातार करते रहते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं पर बकाया रखने से राजस्व की ही हानि होगी।
बकाया से ज्यादातर स्थानों पर राजस्व की हानि हो रही है। ऐसे उपभोक्ता समय से भुगतान कर सकते हैं। निगम का अगर इस श्रेणी के उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया होता है तो वसूली के लिए जो कार्रवाई होनी है वह तो होगी ही, उससे पहले उनका कनेक्शन काटा जाएगा, ताकि बकाये की राशि में और वृद्धि न हो।