संतकबीरनगर। जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतर गई है। बार-बार बिजली की ट्रिपिंग और लोकल फाॅल्ट के चलते उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ रही है। रात में लोकल फाॅल्ट के चलते गिरधरपुर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सुबह आठ बजे बिजली आई, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
बिजली आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिजली निगम बड़े-बड़े दावे कर रहा है। इसके लिए कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं, लेकिन बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होता नहीं नजर आ रहा है। शहर से लेकर देहात तक उपभोक्ता बिजली की कटौती, लोकल फाॅल्ट और ट्रिपिंग की समस्या से जूझ रहे हैं। खलीलाबाद कस्बे की बात करें तो किसी न किसी मोहल्ले में लोकल फाॅल्ट के चलते आपूर्ति बाधित हो जा रही है। बिजली कर्मचारी भी फाॅल्ट ठीक करने के लिए भागदौड़ करने को मजबूर हो रहे हैं। शहर में बार-बार बिजली ट्रिप कर रही है।
शहर के गोलाबाजार, बरई टोला, मड़या, आदि क्षेत्रों में लोकल फाॅल्ट के चलते आपूर्ति बाधित हुई। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्र में गिरधरपुर और आस-पास के क्षेत्रों में पूरी रात बिजली गुल रही। इससे लोगों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ी। गिरधरपुर निवासी बख्शीस अहमद, रफीक आदि ने कहा कि पूरी रात बिजली गुल रहने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।