जर्जर व उलझे विद्युत तार में ‘उलझ’ गई बिजली
हल्की हवा चलने से हो रहे लोकल फाल्ट, बिजली कटने से गर्मी के मौसम में परेशानी झेल रहे उपभोक्ता
फोटो सहित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। इन दिनों भीषण गर्मी के बीच जर्जर व आपस में उलझे विद्युत तारों ने उपभोक्ताओं की परेशानी को और बढ़ा दिया है। हवा चलने पर तार आपस में टकरा रहे हैं, जिससे लोकल फाल्ट की समस्या बनी हुई है और विद्युत आपूर्ति बाधित हो जा रही है। इसका स्थायी समाधान करने की बजाय विद्युत निगम अब तारों के पास से गुजर रहे पेड़ की डालियां काट रहा है।
विद्युत निगम के अधिकारी-कर्मचारी विद्युत बकाया की वसूली सहित उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जगह-जगह कैंप लगा रहे हैं। साथ ही चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। बावजूद उसके बिजली की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। स्थिति यह है कि शहर से लेकर गांव तक जर्जर और उलझे तार, पोल उपभोक्ताओं की समस्या को बढ़ा रहे हैं। जिससे इस भीषण गर्मी में लोकल फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। खलीलाबाद कस्बे में कसैली, नेदुला, मड़या, गोलाबाजार, बंजरिया सहित कई स्थानों पर ऐसी ही समस्या दिख रही है। हल्की हवा चलने पर ही तार टूटकर गिर जा रहे हैं और आपूर्ति बाधित हो जा रही है। शिकायत के घंटों बाद कर्मचारी पहुंच रहे हैं और आपूर्ति बहाल हो रही है। इस दौरान लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और भी बदतर है।
इंसेट-
भीषण गर्मी में विद्युत समस्या और गंभीर हो गई है। कारण लोकल फाल्ट बढ़ गया है। जिससे घंटों आपूर्ति बाधित हो रही है। इस पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है।
राजेंद्र कुमार
0000000000000000
जर्जर तारों को बदलने की जरूरत है ताकि उपभोक्ताओं को लोकल फाल्ट से निजात मिल सके। बार-बार बिजली गुल होने से काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
महेश कुमार
0000000000000000
ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए विद्युत तार काफी पुराने हो गए हैं। गर्मी के मौसम में हवा चलने पर अक्सर तार आपस में टकरा रहे हैं, जिससे आपूर्ति बाधित हो रही है। ऐसे में तारों को बदला जाना चाहिए।
शिव कुमार
00000000000000
गर्मी में विद्युत समस्या बढ़ गई है। कारण यह है कि जर्जर व उलझे तार हवा के झोंके के साथ टूट जा रहे हैं। इसे ठीक करने में कई-कई घंटे लग रहे हैं।
अनश कुमार
00000000000000000000
इंसेट-
विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कई जगह पेड़ों की डालियां विद्युत तारों से सट गई हैं, ऐसे में पेड़ की डालियों को कटवाया जा रहा है। साथ ही जल्द ही कार्ययोजना तैयार कर जर्जर तारों व पोल को बदला जाएगा।
आरके सिंह, अधिशासी अभियंता