विधानसभा चुनाव के मद्देनजर डीएम ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ बैठक कर चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों की जानकारी दी।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम सुरेश कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ बैठक कर चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों की जानकारी दी। डीएम ने साफ कहा कि किसी के प्रभाव में आने की जरूरत नहीं है। पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से चुनाव संपंन कराना उनकी प्राथमिकता है।
यदि किसी के प्रभाव में आकर कोई अधिकारी भेदभाव पूर्ण कार्य अथवा एजेंट के रूप में काम करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पारदर्शिता समाज में दिखनी भी चाहिए। चुनाव में गड़बड़ी करने की कोशिश करने वाले जेल भेजे जाएंगे। डीएम ने कहा आरओ और एआरओ निर्वाचन कार्य संपंन कराने के लिए तैयार हो जाएं। खलीलाबाद, हैंसर, तथा मेंहदावल विधान सभाओं में तीन-तीन उड़न दस्ता टीम लगाई गई है। उड़न दस्ता टीम के प्रभारी अपने अपने विधानसभाओं के आरओ से मिल कर कार्यों का संपादन कराएंगे। जबकि कि जनपद के प्रवेश सीमा पर स्टेटिक टीम तथा फ्लाइंग स्क्वायड के लोग बराबर भ्रमणशील रहते हुए अवैध कार्यों पर नजर रखेंगे।
अगर उनके संज्ञान में कोई गड़बड़ी आती है तो वे इसकी सूचना प्रभारी कंट्रोल रूम तथा संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को भी देंगे। नगर पालिका, नगर पंचायतों के ईओ और एसडीएम को निर्देश दिया कि वह अपने- अपने क्षेत्रों से पोस्टर ,बैनर पूरी तरह से हटवा दें। इसके साथ ही कही भी सरकारी भवनों पर अगर किसी तरह का बाल पेंटिंग है तो उसे भी मिटवा दें। निजी भवनों पर अगर वॉल पेंटिग है, तो वह बिना मकान मालिक की अनुमति के नहीं रहेगी। डीएम ने कहा किसी नए कार्य का शिलान्यास या उद्घाटन नहीं होगा। पुरानी योजनाएं जो चल रही है, उसी को पूरी कराएं। राजनीतिक दलों के लोग बिना पूर्व अनुमति के किसी तरह का आयोजन, धरना, प्रदर्शन, जुलूस आदि नहीं निकालेंगे।