संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के नौहट गांव में 15 नवंबर को बुजुर्ग निर्मल चौधरी की पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बुजुर्ग के बेटे की तहरीर पर गांव के आठ लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया था। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन पांच की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
इस मामले में पुलिस अन्य आरोपियों के साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कर रही है। घटना में उनकी संलिप्तता मिलने के बाद उन्हें भी गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
नौहट गांव में 15 नवंबर को लकड़ी के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसमें घायल यशवंत ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह एवं उनके पिता निर्मल चौधरी घर जा रहे थे। रास्ते में जल जीवन मिशन के तहत पानी के टंकी निर्माण के लिए बाउंड्रीवॉल बनाने के लिए खोदाई का कार्य चल रहा था। जहां गांव के ही हरिराम चौधरी, श्रीराम चौधरी, संतराम चौधरी, रोहित चौधरी, नागेंद्र चौधरी, सदानंद चौधरी, प्रेमशीला पेड़ की जड़ लेकर जा रहे थे।
वह और पिता निर्मल और वासुदेव विश्वकर्मा के मना करने पर मारपीट शुरू कर दिए। शोर सुनकर गांव के कई लोगों ने बीच-बचाव किया। घटना में तीनों को काफी चोटे आईं।
परिवार वालों के साथ इलाज के लिए पिता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल : कोतवाली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को कोर्ट गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। घटना के बाद से पुलिस ने प्रकरण में फूंक-फूंक कर कदम रखा। मृतक का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराने और बिसरा प्रिजर्व होने के बाद पुलिस ने सबसे पहले शव का अंतिम संस्कार कराया। इसके बाद नामजद आरोपी रोहित चौधरी, श्रीराम एवं प्रेमशीला को तत्काल गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।