मुखलिसपुर ओवरब्रिज के पास हुआ हादसा
संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र के रामपुर छितौनी गांव निवासी 60 वर्षीय रामफेर यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए खलीलाबाद बाईपास स्थित एक मैरिज हॉल में गए थे।
बताया जा रहा है कि शादी में शामिल होने के बाद सोमवार को वह घर लौटने के लिए निकले। इस दौरान रामफेर यादव मुखलिसपुर ओवरब्रिज के पास सवारी वाहन की तलाश में पहुंचे, लेकिन काफी देर इंतजार के बाद भी उन्हें कोई वाहन नहीं मिला। इसके बाद वह पैदल ही खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान बनियाबारी के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।