हाटा। हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर सोमवार देर रात सड़क हादसे में 62 वर्षीय गजाधर सिंह निवासी नरायनपुर, थाना कोतवाली हाटा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
गजाधर सिंह हाटा से अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पैदल अपने गांव लौट रहे थे। एक दिन पूर्व ही उनके चाचा पारस सिंह का निधन हो गया था, जिनका अंतिम संस्कार हाटा में किया गया। उसी सिलसिले में ‘घंट’ बांधकर सभी लोग घर जा रहे थे।
इसी दौरान हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर मुजहना मोहल्ले के सामने झांगा बाजार की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने गजाधर सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा पहुंचाया। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल संजय दुबे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।