मगहर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र मगहर पुलिस चौकी के सामने मंगलवार देर शाम को हाईवे पर खड़े 76 वर्षीय मोहम्मद हारिश को चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर पंचायत मगहर के शेरपुर रेहरवा नई आबादी निवासी मोहम्मद मोनीस ने बताया कि उनके ससुर 76 वर्षीय मोहम्मद हारिश नेवास थाना गीडा के रहने वाले थे। इनकी छोटी बेटी व बेटे सोमवार को मुंबई जाने वाले थे। वह अपनी बेटी व दामाद से मिलने मगहर आए थे। उन्हें पहुंचाने उनके साथ हाईवे पर गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही सभासद अमिरूद्दीन कादिरी भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों के साथ उन्हें जिला अस्पताल ले गए वहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चौकी इंचार्ज मगहर मनीष जायसवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद