संतकबीरनगर। दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक के तर्ज पर जिले में आठ शहरी जन आरोग्य मंदिर संचालित किए जाएंगे। इसमें खलीलाबाद में चार, मगहर में दो व मेंहदावल में हो शहरी आरोग्य मंदिर शामिल हैं। प्रत्येक जन आरोग्य मंदिर से 15 से 20 हजार की आबादी जुड़ेगी। लोगों को घर के नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होगी। इसके अलावा अन्य नगर पंचायतों में भी शहरी जन आरोग्य मंदिर संचालित किए जाने की तैयारी चल रही है।
शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शासन-प्रशासन ने पहल की है। इसके तहत खलीलाबाद के कसैला, घोरखल, भिटवा टोला सहित चार स्थानों के साथ ही मगहर में दो और मेंहदावल में दो शहरी जन आरोग्य मंदिर खोले गए हैं।
इन सेंटरों के बनने से जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की भीड़ कम होगी और लोगों को घर के नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेगी।
इन शहरी जन आरोग्य मंदिरों पर नियमित रूप से ओपीडी संचालित होगी। इसके लिए एक चिकित्सक, एक स्टाफ नर्स, एक एएनएम और दो स्पोर्ट कर्मी तैनात किए जाएंगे। इन जन आरोग्य मंदिरों पर मरीजों के लिए एंबुलेंस की सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही दवा वितरण, टीकाकरण, काउंसलिंग आदि के भी कार्य होंगे।
जहां पर भवन बन गए हैं वह खुद के भवन में चलेंगे, जबकि जहां पर अभी तक भवन नहीं बन सका है, उन्हें किराए के भवन में संचालित कराया जाएगा। किराये के लिए 50 हजार रुपये किराया प्रतिमाह तय किया गया है।