मेंहदावल में लकड़ी चोरी के आरोपी पुलिस की गिरफ्तर में-स्रोत पुलिस
मेंहदावल(संतकबीरनगर)। मेंहदावल पुलिस ने मंगलवार को चोरी का खुलासा किया। चार दिन पूर्व हुई लकड़ी चोरी के मामले में मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर आठ बोटा लकड़ी समेत एक पिकअप, लकड़ी काटने की मशीन भी बरामद की गई है। तीनों आरोपी कैंपियरगंज, गोरखपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
मेंहदावल के नायक टोला निवासी गिरिराज सिंह ने 15 नवंबर को पुलिस को तहरीर दी कि उनके ग्राम सरफरा स्थित खेत से सागौन के चार पेड़ चोरी हो गए हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की आठ बोटा सागौन की लकड़ी, घटना में प्रयुक्त पिकअप व लकड़ी काटने की इलेक्टि्रक मशीन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान छोटू पुत्र सफीक अहमद, अभिनव निवासी रिंगौली बाजार थाना कैंपियरगंज व आकाश साहनी पुत्र गोरख साहनी ग्राम भुसाभार, टोला बड़वलिया, थाना कैंपियरगंज जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। तीनों को रोडवेज तिराहा मेंहदावल से गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर ग्राम हरपुर केसरी छपरा थाना नेबुआ नौरंगिया, जनपद कुशीनगर से सागौन की लकड़ी बरामद की गई।