संतकबीरनगर। कांटे को नया ब्लाॅक बनाने की कवायद फाइलों में दफन हो गई है। शासन के निर्देश पर वर्ष 2018 में कांटे को ब्लॉक बनाने की फाइल तैयार की गई थी, लेकिन करीब छह साल से इस दिशा में कुछ भी नहीं हो सका है। तीन ब्लॉकों के 73 ग्राम पंचायत के लोग कांटे ब्लॉक के सृजन का इंतजार कर रहे हैं। सेमरियावां ब्लाॅक में 113 ग्राम पंचायत हैं। ब्लाॅक में बाघनगर, उसराशहीद, कानपारा, सेमरियावां, दुधारा, परसा शेख, बजहरा, तिलजा, सालेहपुर, उमिला, पैली खास, बूधाकला कुल 12 न्याय पंचायत हैं। यह जनपद का सबसे बड़ा ब्लाॅक है। सेमरियावां ब्लाॅक के उमिला, पैली खास, बूधाकला, खलीलाबाद ब्लाॅक के करीब है। इन न्याय पंचायतों का सेमरियावां ब्लाॅक मुख्यालय काफी दूर पड़ता है।
लोगों की मांग पर तीन फरवरी 2018 को खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के तत्कालीन विधायक दिग्विजय नरायण उर्फ जय चौबे ने कांटे को नउ ब्लाॅक सृजन के लिए प्रस्ताव शासन को सौंपा था। इस मामले में ग्राम्य विकास आयुक्त ने भी डीएम को पत्र जारी कर जनपद के सबसे बड़े ब्लाॅक सेमरियावां में शामिल कांटे को नया ब्लॉक बनाने के लिए रिपोर्ट मांगी थी। डीएम ने सीडीओ, डीडीओ व बीडीओ आदि विभागीय अफसरों के जरिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजवा दिया था।