ई रिक्शा चालकों ने नगर पालिका कार्यालय में प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
ई-रिक्शा चालकों ने शनिवार को जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद परिसर से जुलूस निकाला और नगर पालिका परिषद कार्यालय खलीलाबाद पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान ई-रिक्शा चालकों ने लाइसेंस फीस एवं टैक्सी स्टैंड कर समाप्त करने की मांग की। बाद में कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्री मांग पत्र जिलाधिकारी को दिया।
ई-रिक्शा चालक सुबह दस बजे से कामरेड हरजीत कौर के नेतृत्व में जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर में एकत्र हुए और जुलूस निकाला। जो बैंक चौराहा, गोलाबाजार, मुखलिसपुर चौके होते हुए नगर पालिका परिषद खलीलाबाद कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। हरजीत कौर ने कहा कि ई-रिक्शा चालक गरीब परिवार से जुड़े हैं, इसी से उनके परिवार की रोजी-रोटी चलती है, लेकिन नपा प्रशासन ने मनमाने ढंग से लाइसेंस फीस एवं टैक्सी स्टैंड कर वसूलने में जुटी है। मतदाताओं ने अपने-अपने वार्डों में सभासद और अध्यक्ष इस नाते चुना कि वह पालिका क्षेत्र का विकास करेंगे। बेरोजगारों को रोजी-रोटी मिलेगी, लेकिन इससे उलट कर का बोझ लादा जा रहा है।
ट्रेड यूनियन कौसिल के अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता ने कहा कि नगर निकायों में तमाम कर्मचारी सेवा निवृत्त हो गए, ऐसे में रिक्त पदों के सापेक्ष बेरोजगारों की भर्ती की जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। यहां पर ई-रिक्शा चालक कलेक्ट्रेट पहुुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्री मांग पत्र जिलाधिकारी को दिया। जिसमें ई-रिक्शा चालकों के लाइसेंस फीस न लेने, टैक्स स्टैंड की वसूली न करने तथा गृह कर कम करने की मांग की। इस दौरान सुनीता मोदनवाल, राम भजन, श्याम जी, रमाकांत वर्मा, आफताब आलम, वीके मौर्य, सदानंद अग्रहरि, सुनील मिश्र, राम अवतार निषाद आदि लोग उपस्थित रहे।