संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बैरमपुर निवासी ई-रिक्शा चालक अमन की हत्या करने के दो आरोपियों को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी बैरमपुर गांव का निवासी रविप्रकाश उर्फ रोहित ने बताया कि जमीन विवाद में उसने अपने साथी कटाई निवासी हरिकेश सिंह के साथ लोहे के राॅड से अमन की हत्या की थी और शव को बोरे में बांधकर सरयू नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल लोहे का रॉड बरामद किया है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बैरमपुर गांव का निवासी ई-रिक्शा चालक अमन संदिग्ध परिस्थितियों में 10 फरवरी को गायब हो गया था। उसका ई रिक्शा 11 फरवरी को महुली थानाक्षेत्र के गोड़ही के पास मिला था। मामले में परिजनों ने 11 फरवरी को गुमशुदगी और 17 फरवरी को गांव के ही ओम प्रकाश, जय प्रकाश, श्याम व रविप्रकाश के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया था।
23 मार्च को महुली थानाक्षेत्र के तामा खास पुलिया के पास सरयू नहर में बोरे में दो टुकड़े में एक शव मिला था। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान बैरमपुर गांव का निवासी ई-रिक्शा चालक अमन के रूप में की थी। चूंकि शव पूरी तरह से सड़ गल चुका था और कंकाल ही बचा था। इसलिए पुलिस ने पहचान के लिए परिजनों डीएनए सैंपल लेकर विधि विज्ञान प्रयोगशाला को भेज दिया था और मामले की छानबीन में जुट गई।
पांच चक्र में आरोपियों में पूछताछ की गई, इस दौरान रविप्रकाश उर्फ रोहित से भी पूछताछ की गई थी। जब पांचवीं बार सख्ती से पूछताछ की गई तो रविप्रकाश टूट गया और अपने साथी साथी कटाई निवासी हरिकेश सिंह के साथ मिलकर 10 फरवरी की रात हत्या करने की बात कुबूल की। उसने बताया कि उसके परिवार के साथ रोहित के परिवार से जमीन का विवाद चल रहा था।
कई बार मारपीट भी हुई थी। उसके परिवार के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए अमन का परिवार न्यायालय गया था। इसके बाद उसने इस घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों के पास से पास से एक लोहे का चौकोर राड, तीन मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और 350 रुपये नगद मिले हैं।