संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। जिले के परिषदीय, मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त विद्यालयों में अक्तूबर को डिस्लेक्सिया जागरूकता माह के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने इस संबंध में निर्देश जारी कर सभी संबंधित विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने को कहा है।
राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य डिस्लेक्सिया से प्रभावित बच्चों की समय रहते पहचान करना, उनकी सीखने संबंधी जरूरतों को समझना और उन्हें उचित शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी भेदभाव के शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
जिला समन्वयक समेकित शिक्षा रजनीश वैद्य ने बताया कि डिस्लेक्सिया एक विशिष्ट अधिगम संबंधी कठिनाई है, जिसमें बच्चों को पढ़ने, लिखने और शब्दों को पहचानने में परेशानी हो सकती है। ऐसे बच्चों की कठिनाइयों को समझना और समय पर आवश्यक सहयोग देना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में कई बार बच्चों की सीखने संबंधी समस्याओं को समझने के बजाय उन्हें कमजोर विद्यार्थी मान लिया जाता है। ऐसे में शिक्षकों और अभिभावकों को संवेदनशील बनाना महत्वपूर्ण है।ू