जिला अस्पताल में लगी मरीजों की भीड़-संवाद
संतकबीरनगर। सर्दी की वजह से हृदय और सांस की बीमारियों से पीड़ित मरीजों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रोजाना औसतन 20 मरीज हृदय व रक्तचाप के समस्या से पीड़ित आ रहे हैं। वहीं ओपीडी में खांसी, जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। रोजाना 1200 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।
सर्दी का सितम बढ़ने से सांस के रोगियों की परेशानी बढ़ रही है। थोड़ी सी लापरवाही से जान जोखिम में पड़ रही है। इसके साथ ही सीएचसी पीएचसी पर भी मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को सलाह देकर जिला अस्पताल रेफर कर रहे हैं। फिजिशियन डॉ कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि हार्टअटैक का मुख्य कारण हाई ब्लडप्रेशर है। इसकी वजह सर्दी के मौसम में शरीर की सक्रियता का कम होना है। इससे रक्त का दबाव बढ़ जाता है और हार्ट अटैक की आशंका अधिक हो जाती है। ऐसे में मरीज सावधानी बरतें। बुजुर्गों में बीमारी से लड़ने की शारीरिक क्षमता कम होती है इसलिए उन्हें भोजन में अधिक तेल-मसाले वाले खाने की जगह हल्का व पौष्टिक खाना लेना चाहिए। हरी सब्जी, दाल व रोटी का अधिक इस्तेमाल करें। गर्म कपड़े पहनें व व्यायाम करें। इसके अलावा खांसी व बुखार से पीड़ित 1200 मरीज प्रतिदिन ओपीडी में दवा लेने आ रहे हैं।
0
डॉक्टर ने दी सावधानी बरतने की सलाह
- मीठा, नमकीन, खट्टा कम खाएं।
- ठंड बढ़ने पर धूप में जरूर बैठें।
- उच्च रक्तचाप होने पर धूप में न निकलें।
- शराब के सेवन से बचें।
- शरीर का वजन न बढ़ने दें।
- तनाव को दिमाग पर हावी न होने दें।
- बाहर निकलने से बचें