मगहर। नगर के व्यस्ततम काजीपुर चौराहे पर मंगलवार देर शाम अलाव पर चर्चा के माध्यम से लोगों को ठंड से बचने व सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सफर करते समय, ठंड से बचाव के लिए सुरक्षा के बारे मेंं बताया गया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने व अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर सीसी टीवी कैमरे लगवाने की अपील की गई।
सीओ सदर अमित कुमार ने कहा कि ठंड के मौसम में स्वयं और परिवार की सुरक्षा बहुत जरूरी है। इस मौसम में चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में रात्रि के समय विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों व घरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। सीओ यातायात प्रियम राज शेखर पांडेय ने साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया। कहा कि ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए किसी भी अनजान कॉल, लिंक या अनजाने संदेश पर विश्वास न करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध काल होने पर तत्काल साइबर पुलिस को सूचना दें। प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। इस मौके पर एसआई माहेश्वर चौधरी, दीवान करम चंद्र चौधरी, अनिल कुमार यादव, बृजेश चौरसिया, रमेश यादव, कृष्ण नारायण गौड, अर्जुन पाल आदि मौजूद रहे।