धनघटा। क्षेत्र के संठी गांव के 47 वर्षीय किसान प्रभुनाथ प्रजापति का शव शनिवार की भोर में छत के कुंडे से मफलर से लटका मिला। परिजनों का कहना है कि चकबंदी प्रक्रिया से प्रभुनाथ परेशान थे। ताल में चक दे दिए जाने और कोई सुनवाई नहीं होने से क्षुब्ध होकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। सूचना मिलने केबाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संठी गांव में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। प्रभुनाथ प्रजापति का चक ताल में दे दिया गया था। प्रभुनाथ के पिता राज बहादुर का आरोप है कि अपना चक अच्छी जगह पर कराने के लिए प्रभुनाथ परेशान थे। वह बार-बार धनघटा में स्थित चकबंदी ऑफिस जा रहे थे। लेकिन, चकबंदी विभाग के लोग कोई सुनवाई नहीं कर रहे थे। इससे तंग आकर प्रभुनाथ ने छत के कुंडे में मफलर से लटक कर जान दे दी।
राज बहादुर का कहना था कि चकबंदी अधिकारी की मनमानी से प्रभुनाथ काफी आहत थे। इधर कई दिनों से परेशान लग रहे थे। वह इस बात से चिंतित थे कि तालाब में चक मिल जाने से उसकी खेती प्रभावित होगी। परिवार के भरण-पोषण पर संकट उत्पन्न हो जाएगा। प्रभुनाथ को समझाया भी गया लेकिन वह हमेशा चिंता में डूबे रहते थे।
शुक्रवार की रात वह खाना खाकर कमरे में सो गए। सुबह उसका शव छत के कुंडे से लटका देखा गया। घटना की सूचना पर आसपास के लोग जुट गए। प्रभुनाथ की मौत पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। माता गीत देवी और पत्नी कमलेश देवी रोते रोते अचेत हो जा रही हैं। इस घटना से गांव के मातम छाया हुआ है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। शव को फंदे से उतरवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभुनाथ की मौत पर पूरा गांव मर्माहत है। गांव वालों का कहना है कि चकबंदी विभाग के नियम विरुद्ध कार्य किए जाने से प्रभुनाथ ने जान दे दी।
-
किसान प्रभुनाथ का दो चक उनके पुराने चक पर बांधा गया था। उनका एक चक उड़ान था। चकबंदी प्रक्रिया से प्रभुनाथ पूरी तरह संतुष्ट थे। अभी वह शुक्रवार को तहसील आए थे। उनको कोई परेशानी थी, तो बताना चाहिए था। उसका निराकरण किया जाता। कुछ समझ में नहीं आ रहा है उन्होंने जान क्यों दे दी। -रामभरस, सहायक चकबंदी अधिकारी धनघटा
-
सूचना पर पुलिस पहुंची थी। प्रभुनाथ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। -जय प्रकाश दुबे, प्रभारी निरीक्षक धनघटा
मृतक किसान प्रभुनाथ का फाइल फोटो