बरदहिया बाजार जहां से ब्रांडेड कपड़ों के डुप्लीकेट भेजे जाते हैं पूर्वांचल के बाजारों में
संतकबीरनगर। ब्रांडेड कंपनियों के कपड़ों की डुप्लिकेसी करने वाले बरदहिया बाजार के होलसेलरों पर कोई नकेल नहीं कसी जा रही है। यह खुलेआम जींस, शर्ट, टीशर्ट स्थानीय बाजारों में बनवाते हैं और ब्रांडेड कंपनियों के टैग लगाकर बेचने का काम करते हैं।
गोररखपुर, बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर क्षेत्र में इस तरह की डुप्लिकेसी का कार्य करते हैं। जब कंपनियां मार्केट इन्वेस्टिगेशन करती हैं तब इन मामलों का खुलासा होता है।
मार्केट इन्वेस्टिगेशन के लिए जिले में आए नेतिका कंसल्टिंग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के इंवेस्टीगेटिंग मैनेजर महेश सिंह बताते हैं कि बरदहिया बाजार के होल सेलरों के पास जो भी ब्रांडेड कंपनियों का माल है, वह लोकल स्तर पर ही बनवाया जाता है। बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर के साथ ही गोरखपुर के पिपरौली क्षेत्र में ऐसे कई कारखाने चल रहे हैं, यह ब्रांडेड कंपनियों का लोगो लगाकर माल बनाते हैं।
यहीं से बरदहिया के होलसेलर माल लेते हैं। ऐसे-ऐसे कारखाने हैं जो दो कमरों में चल रहे हैं। अगर इनकी डुप्लिकेसी पर नकेल नहीं कसी गई तो ब्रांडेड के नाम पर लोकल माल लेकर लोग ठगी का शिकार होते रहेंगे। यही नहीं नामी गिरामी कंपनियों की साख भी गिरेगी। संवाद
बरदहिया बाजार जहां से ब्रांडेड कपड़ों के डुप्लीकेट भेजे जाते हैं पूर्वांचल के बाजारों में