जिला अस्पताल में दवा के लिए लगी मरीजों की भीड़-संवाद
संतकबीरनगर। बढ़ती ठंड और शुष्क हवाओं ने लोगों की त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ा दी हैं। तापमान गिरते ही त्वचा की दिक्कतें गंभीर रूप लेने लगी हैं। हाथ-पैरों में रूखापन, चेहरे पर सफेद परत, फटी त्वचा, खुजली और लाल दाने की समस्या से लोग परेशान हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में ऐसे मरीजों की भीड़ बढ़ गई है।
जिला अस्पताल आने वाले मरीजों में सामान्य दिनों की तुलना में इस समय मरीजों की संख्या लगभग 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है। बच्चों और बुजुर्गाें में त्वचा संबंधी समस्या अधिक देखने को मिल रही है। इस मौसम में त्वचा में नमी की कमी के कारण रूखेपन के साथ तमाम समस्याएं सामने आ रही हैं। बार-बार होने वाले दाने, फफूंद संक्रमण, सोरायसिस या एक्जिमा के लिए विशेषज्ञ की आवश्यकता होती है।
जिला अस्पताल आने वाले मरीज सरिका, जहरून्निशा, संगीता, सुमन ने बताया कि पैरों में इतनी खुजली हो रही है कि नींद नहीं आती। वहीं आयुष, सूरज का कहना है कि उनकी त्वचा ठंड से फटने लगी है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ एसबी गौतम ने बताया कि इस समय त्वचा संबंधी समस्या लेकर आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। उनका इलाज किया जा रहा है। इसके साथ ही बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं।