धनघटा। नाथनगर ब्लाॅक क्षेत्र में नहरों का जाल बिछा दिया गया है, लेकिन नहरों में पानी न छोड़े जाने से किसान चिंतित है। धान की नर्सरी लगाने के लिए खेतों में पानी की जरूरत है, लेकिन विभाग की लापरवाही से किसानों की मुसीबत बढ़ गई है।
देवापार माइनर से काली जगदीशपुर जाने वाली कुआनो नहर की शाखा से देवापार, जमुनी, कोडरा भुआल पट्टी, खिरिया, मरवटिया, पिडारी, फरेंदिया, डुमरिया सहित दर्जनों गांव के किसान की खेती नहर तथा बारिश के पानी पर ही निर्भर हैं। किसान बैजनाथ राय, गोरखनाथ राय, कमलेश राय, भागवत राय, सुनील राय, प्रेम नारायण पाठक, सतीश पाठक सहित अन्य किसानों ने बताया कि नहर में पानी न होने से धान की नर्सरी नहीं डाल पा रहे हैं जिसके कारण धान की फसल पीछे हो रही है।
यदि नहर में पानी नहीं आया तो पैदावार पर भी प्रभाव पड़ेगा। विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से बात करने के बाद भी नहर में पर्याप्त पानी नहीं आया। इस संबंध में अवर अभियंता नहर गुलाब वर्मा ने बताया कि जल्द ही नहर में पानी छोड़ा जाएगा।