जिला अस्पताल में हड़ताल के कारण भी बंद रहा दवा वितरण कक्ष।
- फोटो : अमर उजाला
संयुक्त जिला अस्पताल में बुधवार को भी फार्मासिस्ट एसोसिएशन, लैब टेक्नीशियन, प्रयोगशाला प्राविधिक संघ और स्टाफ नर्स अपनी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल रहे। इस कारण न तो मरीजों का पंजीयन हुआ, न ही दवा वितरण और न ही जांच हुई।
ऐसे में हड़ताल के चलते मरीजों को परेशान होना पड़ा। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं जारी हैं और पुरानी पर्चियों पर मरीजों को चिकित्सकों ने देखा। गौरतलब है कि प्रतिदिन जिला अस्पताल में करीब पांच से 700 मरीज आते हैं। हालांकि शाम होते-होते हड़ताल वापस ले ली गई। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर वीएन उपाध्याय और मंत्री डॉक्टर नित्यानंद त्रिपाठी ने कहा कि वेतन विसंगति दूर करने, पदो के सृजन मानक के अनुसार किए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर धरना दिया जा रहा है।
इस बीच शाम को डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष व मंत्री ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ स्वास्थ्य राज्य मंत्री की अध्यक्षता में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं अन्य अधिकारियों के साथ वार्ता हुई, जिसमें मांगों पर सकारात्मक पहल किए जाने के आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त की गई। इस अवसर पर यूूपी लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार मिश्र, स्टाफ नर्स एसोसिएशन की अध्यक्ष जयंत्री, चीफ फार्मासिस्ट जेपी पांडेय, एसएन शुक्ल, एके वर्मा, विजय कुमार यादव, निर्मला चौधरी, पूर्णिमा वर्मा, गीता गोस्वामी, सुनीता भारती, एलडी यादव, प्रमिला, पुष्पा राय, राज कुमार वर्मा, वीएन ओझा समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे।