उत्तर प्रदेश प्रेरक महासंघ के बेलहर ब्लॉक के कार्यकारिणी द्वारा गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। इसमें 30 माह से बकाया मानदेय दिलाने की मांग की गई। इस दौरान प्रेरकों ने तीन सूत्रीय ज्ञापन सीडीओ को दिया।
प्रेरक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामहित चौहान ने कहा कि साक्षर भारत मिशन 2011 के अंतर्गत संचालित साक्षरता मिशन के तहत प्रेरकों के समस्याओं को लेकर अधिकारी हीलाहवाली कर रहे है। 30 माह से प्रेरकों का मानदेय बकाया है, पर धन रहने के बावजूद उसका भुगतान नहीं किया जा रहा है। प्रेरकों का नवीनीकरण ग्राम प्रधान के द्वारा चुनावी रंजिश को लेकर नहीं किया जा रहा है। इससे प्रेरक परेशान है। प्रेरकों के रिक्त पदों पर भर्ती किया जाए इसके साथ उनका प्रशिक्षण शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रेरकों का मानदेय न मिलने से वे भुखमरी के कगार पर है। अधिकारी प्रेरकों की समस्याओं को नहीं सुन रहे है। ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि चार जुलाई तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे लोग डीएम कार्यालय पर भूख हड़ताल करेंगे। इस अवसर पर रामचरन, योगेश कुमार श्रीवास्तव, सुभाष मौर्य, सुनील यादव, मोहम्मद असलम, विजय प्रकाश मिश्र, अरविंदनाथ त्रिपाठी, प्रेम नारायण पांडेय, राम कुमार, हरिनारायण, अंकित, पवन कुमार, गुलाब चंद, राजेश चौधरी, पुष्पा देवी, अफरोज जहा, गुुलाब लाल प्रजापति समेत अन्य प्रेरक मौजूद रहे।