संतकबीरनगर। एडीएम सत्य प्रकाश ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के अंतर्गत 17 नवंबर को मतदाता सूची के आलेख्य का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक नागरिक को अपनी एवं अपने परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में प्रविष्टियों की जांच करने का अवसर मिलेगा। नागरिक अपने नाम, आयु, लिंग एवं फोटो सहित अन्य विवरणों की शुद्धता भी जांच सकेंगे।
आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 16 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएगी। इस अवधि में पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन, ईपीआईसी प्रतिस्थापन एवं दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकेगा। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी को होगा।
आलेख्य मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइटों, सभी संबंधित मतदेय स्थलों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में भी उपलब्ध रहेंगी। मतदाता सूची की प्रतियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान 21 एवं 22 नवंबर तथा 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन चारों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर नागरिकों से दावे-आपत्तियां प्राप्त करेंगे। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान बढ़-चढ़कर भाग लें। 17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली आलेख्य मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांचें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने तथा किसी विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराने के लिए निर्धारित अवधि में आवेदन करें।
लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है।