संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में नामजद सेना के दो जवानों को लेकर जांच तेज कर दी गई है।
दोनों जवानों में से एक का तैनाती स्थल पुलिस को पता चल गया है, जबकि दूसरे जवान पवन के बारे में अभी ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस उसकी तैनाती और वर्तमान ठिकाने का पता लगाने में जुटी है।
उधर, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में भी पुलिस को अपेक्षित जानकारी नहीं मिल पा रही है। आरोप है कि वे कभी जम्मू-कश्मीर तो कभी पंजाब में तैनाती होने की बात बताकर पुलिस टीम को गुमराह कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जमोहरा गांव में 15 नवंबर को रंजिश में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने गांव के बाहर सिवान में खेत की जोताई कर रहे प्रहलाद यादव, रामकेश यादव, सहसराम यादव और घनश्याम यादव पर लाठी-डंडे, बल्लम, फरसा और अवैध असलहों से हमला कर दिया था।
इस हमले में प्रहलाद यादव और रामकेश यादव की मौत हो गई थी, जबकि सहसराम यादव और घनश्याम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने 16 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई थीं।
एसओजी, सर्विलांस और मेंहदावल पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। विवेचना के दौरान कुछ अन्य लोगों के नाम भी प्रकाश में आए थे।