संतकबीरनगर के महुली थानाक्षेत्र के तुलसीरतन के किसान दयाराम यादव के पुत्र डॉक्टर वीके यादव को प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सात मई को लखनऊ में यूपी रत्न से सम्मानित करेंगे।
उन्हें यह सम्मान 25 अप्रैल को नेपाल में आए भूकंप के दौरान खुद के खर्च पर दस दिनों तक भूकंप पीड़ितों के इलाज के लिए दिया जाएगा। डॉ. यादव ने बताया कि नेपाल त्रासदी के दौरान गोरखा जिले में स्वयं के खर्च पर 750 पीड़ितों का कैंप लगाकर इलाज किया। साथ ही 22 डेड बॉडी निकालकर नेपाल सरकार को सुपुर्द किया।
भूकंप पीड़ितों में केन्या, जर्मनी, चाइना व भारत के लोग भी शामिल रहे। इसके लिए नेपाल के स्थानीय प्रशासन ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जिस समय भूकंप आया, उस समय वह बरेली में कार्यरत थे, वहां के जिला प्रशासन ने बरेली गौरव से सम्मानित किया। अब उन्हें सात मई को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सम्मानित करेंगे।