संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र के कस्बा बखिरा में इलाज से मना करने पर एक निजी चिकित्सक के साथ मारपीट की गई थी। पुलिस ने चिकित्सक की तहरीर पर मामले में तीन लोगों पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। एसओ बखिरा राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित डॉ. अभय कुमार गुप्ता निवासी ग्राम व पोस्ट गोविंदपुर थाना सहजनवा जनपद गोरखपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बखिरा हास्पिटल के सामने अपने निजी मकान में रहते हैं। चार अक्टूबर की रात करीब 10 बजे उनके आवास पर कुछ लोग एक बीमार बच्चे को लेकर आए थे।
उन्होंने बच्चे की स्थिति देखकर उपचार करने से मना कर दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर पांच अक्टूबर की दोपहर करीब 12 बजे विवेक सिंह निवासी संतोषपुर, कुलदीप व अनुराग सिंह निवासी बरईपार थाना बखिरा एक राय व गोलबंद होकर उनके मकान परिसर में आकर गाली देते हुए लात-घूंसा व लाठी-डंडा से मारेपीटे और जानमाल की धमकी दी। इसके साथ ही वहां पर न रहने देने की भी बात कही। एसओ ने बताया कि मामले में चिकित्सक की तहरीर पर केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। संवाद