- हैंसर बाजार धनघटा के मानसिंह बाग में आयोजन, देर रात तक डटे रहे दर्शक
- बच्चों की प्रस्तुति देख लोगों ने किया उत्साहवर्धन
धनघटा। नगर पंचायत हैंसर बाजार धनघटा के मानसिंह बाग में चल रहे दोआबा महोत्सव में भोजपुरी लोकगीत गायक शिल्पी राज के गीत पर दर्शक झूम उठे।
दर्शकों की मांग पर शिल्पी राज ने चर्चित गीत ‘ले चला घुमा दीं बुलेट पर जीजा’ जब प्रस्तुत किया तो दर्शक झूम उठे। उसके बाद शिल्पी एक के बाद एक गीत प्रस्तुत करती रहीं और दर्शक देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। इसके पहले साक्षी श्रीवास्तव, संतोष देहाती समेत अन्य कलाकार लोकगीत प्रस्तुत किए। शिल्पी राज के कार्यक्रम के दौरान श्रोता इतना उत्साहित हुए की एक बार आपस में धक्का-मुक्की करने लगे, जिन्हें पुलिस ने समझा बुझाकर शांत किया।
बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समा
दोआबा महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को महोत्सव में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति को देखकर दर्शक मंत्र मुग्ध हो गए। श्रीमती सीतापति राजेश कुमार आदर्श पब्लिक स्कूल सोंनडीहा की छात्रा सृष्टि, मोहनी, प्रियंका, अंशिका ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया तो पर्यावरण को बचाने के लिए संदेश देने वाले नाटक पानी बचाओ पेड़ लगाओ की प्रस्तुति रणवीर, देव, विष्णु ने प्रस्तुत किया। वहीं दहेज प्रथा, स्वच्छता आदि पर इस विद्यालय के बच्चों ने नाट्य मंचन करके दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उसके बाद बाल विद्यालय प्रसादपुर के बच्चे काला बगला, कजरी ‘कैसे खेलें जयबू सावन में कजरिया बदरिया घिर आईल ननदी...’ आदि की प्रस्तुति दीं। बच्चों की प्रस्तुति से प्रभावित होकर पर्यटन विभाग के पीएस अशोक कुमार, अध्यक्ष प्रतिनिधि नीलमणि, ईओ उमेश पासी ने पुरस्कृत किया। इस मौके पर बाल विद्यालय प्रसादपुर के प्रबंधक प्रदीप श्रीवास्तव, अनुभव शुक्ला आदि लोग मौजूद रहे।