संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने सावन मास में भगवान शिव का जलाभिषेक एवं कावड़ यात्रा आपसी प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाए जाने की अपील की।
डीएम ने कहा कि जनपद की शांतिप्रिय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण की परंपरा को बनाए रखें। सावन मास एवं कावड़ यात्रा के दौरान जनपद के विभिन्न इलाकों में कानून व्यवस्था, बिजली, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में अधिशासी अधिकारी व नगर पंचायत और डीपीआरओ को निर्देशित किया।
शहर एवं ग्रामीण इलाकों में शिवालयों सहित समस्त मंदिरों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सावन मास मेला एवं कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा विभिन्न शिवालयों पर जलाभिषेक किया जाएगा। इसके दृष्टिगत कांवड़ यात्रा के दौरान आवागमन के रास्तों में विद्युत पोलों, विद्युत तार का संयोजन आदि व्यवस्था को सुनिश्चित कर लिया जाए।
मंदिर एवं शिवालयों के अप्रोच मार्गों को समय रहते ठीक कर लिए जाएं। बरसात को देखते हुए लोहे के पोलों को पॉलिथीन से कवर करवाने सहित शिव मंदिरों के रास्तों की साफ-सफाई, एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का आवश्यकतानुसार डिप्लॉयमेंट, कांवड़ यात्रा के दौरान रास्ते में आवश्यकतानुसार पेयजल की उपलब्धता, हैंडपंप को ठीक करने, प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने आदि से संबंधित निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक दशा में विभागीय अधिकारी अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर लें तथा समय रहते तत्काल उसे ठीक कर दें।
समीक्षा के दौरान डीएम ने जनपद के कुछ महत्वपूर्ण मंदिरों जैसे तामेश्वरनाथ धाम, विड़हरघाट, बैजूनाथ धाम, हैंसर बाजार शिव मंदिर, मगहर शिव मंदिर, पौली शिव मंदिर, जगदीशपुर शिव मंदिर सहित जनपद के नगर प शिव मंदिरों पर साफ सफाई, जलाभिषेक के दौरान बेरिकेटिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा की निगरानी व्यवस्था, पुलिस बल की व्यवस्था आदि से संबंधित एक-एक बिंदु का बारीकी से फीडबैक लेते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
एसपी संदीप कुमार मीना ने थानाध्यक्षों एवं चौकी प्रभारी, मंदिर के पुजारी व स्थानीय नागरिकों से श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान पूर्व में की गई व्यवस्थाओं आदि के बारे में फीडबैक लेते हुए उनका सुझाव जाना।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कांवड़ मेलों में आए हुए यात्रियों के साथ शालीनता से व्यवहार किया जाए एवं उनकी हर सम्भव मदद के लिए आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन प्लान को कड़ाई से लागू कराते हुए ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।
सावन मास के दौरान चार अगस्त को चेहल्लुम एवं 26 अगस्त को बारावफात का भी है। इसमें दोनों समुदाय के लोग एक दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए खुशी से त्योहार मनाएं।
इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्य प्रकाश, एडीएम न्यायिक चंद्रेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया, अपर एसडीएम सुधीर कुमार, परियोजना निदेशक विजयंत कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार, सहायक अभियंता लोक निर्माण विमल कुमार आदि मौजूद रहे।