संतकबीरनगर। डीएम अनुज मलिक ने शुक्रवार को समय माता मंदिर स्थित पक्का पोखरा के सुंदरीकरण आदि से संबंधित निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का स्थलीय निरीक्षण किया। पोखरे के संबंध में नौ अक्तूबर के अंक में सात पोखरों को पिकनिक स्पॉट बनाने की योजना को नहीं मिली मंजूरी शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया है। इसके बाद डीएम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
डीएम ने पक्का पोखरा के सुंदरीकरण के मद्देनजर कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति व निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के बारे में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्देश व सुझाव दिए। उन्होंने समय माता मंदिर से पोखरा तक के एप्रोच मार्ग को सीसी रोड निर्माण से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया। साथ ही शारदीय नवरात्र के दृष्टिगत समय माता मंदिर के आसपास सड़क किनारे लगने वाले ठेले व दुकानों आदि को व्यवस्थित करने के लिए भी निर्देशित किया।