संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने बुधवार को 10 हजार रुपये के इनामी गो तस्कर अरशद बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ डीएम कोर्ट से पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने मगहर काला गेट के पास से उसको गिरफ्तार किया। एसपी की तरफ से भी गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली खलीलाबाद पंकज कुमार पांडेय की अगुवाई में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान 10 हजार रुपये के इनामी, गुंडा एक्ट में वांछित व जिलाबदर घोषित आरोपी अरशद बंजारा निवासी ग्राम मोहम्मदपुर कठार को जिले की सीमा के अन्तर्गत कबीर चौरा मगहर रोड काला गेट हाईवे के पास से जिलाबदर अवधि का उल्लंघन करते हुए गिरफ्तार किया। उसके आधार पर थाना कोतवाली में उत्तर प्रदेश गुंडा निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट पंजीकृत की गई।
जिलाबदर आदेश के उल्लंघन के क्रम में पुलिस ने आरोपी अरशद बंजारा को न्यायालय रवाना कर दिया गया। वहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार कोतवाली खलीलाबाद में अरशद बंजारा के खिलाफ कुल 7 अभियोग पंजीकृत पाए गए हैं।