धनघटा में उर्वरक की दुकान की जांच करते जिला कृषि अधिकारी
संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने धनघटा तहसील के उर्वरक की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 15 दुकानों की जांच की। जो का अभिलेख पूरा न मिलने पर उनके लाइसेंस निलंबित कर दिया। इसके साथ ही एसएसपी और डीएपी के चार नमूने लिए। जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि धनघटा तहसील क्षेत्र स्थित उर्वरक प्रतिष्ठानों पर रविवार कालाबाजारी, ओवर रेटिंग तथा गुणवत्ता नियंत्रण के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान राम दुलारे खाद भंडार लहुरे गांव, दुर्गा खाद भंडार उमरिया बाजार, आईएफएफडीसी उमरिया बाजार, राज कृषि बीज भंडार बगही, डीसीएफ छपरा पूर्वी, पहलवान बीज भंडार, गणेश खाद भंडार जिगना, सहकारी सेमिति भैंसा खूट, मौर्य बीज भंडार, संठी, रुद्र खाद भंडार बभनौली, हरिओम खाद भंडार, रामसवारे खाद भंडार आदि की जांच की गई।
इन दुकानों से एसएसपी और डीएपी के चार नमूने लिएगए। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अमानक नमूना आने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभिलेख अपूर्ण रखने के कारण राज बीज भंडार बगही और पहलवान खाद भंडार अशरफपुर का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। वर्तमान समय में उर्वरकों की उपलब्धता जनपद में पर्याप्त है। किसान खातौनी के अनुरूप आवश्यकतानुसार खाद लें। छापे की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।