धनघटा। महुली थाना प्रभारी रजनीश राय ने बुधवार की रात महुली थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में ग्राम सुरक्षा समिति की बैठक की। इस दौरान अलाव की व्यवस्था भी की गई थी। बैठक में चोरी की घटनाओं की रोकथाम और साइबर जागरूकता को लेकर ग्रामीणों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।
थाना प्रभारी रजनीश राय ने ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत गांव घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने जोर दिया कि सीसीटीवी कैमरे निरंतर क्रियाशील रहे। जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
थाना प्रभारी रजनीश राय ने अपील की कि यदि किसी गांव या मोहल्ले में रात में कोई अपरिचित व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। दिन में फेरी लगाने वाले या क्षेत्र में संदिग्ध रूप से रह रहे व्यक्ति के बारे में जानकारी देने को कहा गया। ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों को साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की गई।
पुलिस ने कहा कि उनका यह छोटा सा प्रयास कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने में बहुत कारगर होगा। अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी। इस दौरान उप निरीक्षक सोमनाथ मिश्र, हेड कांस्टेबल तबरेज आलम, नूरुद्दीन खान, सुनील कुमार सिंह, अतिकुर रहमान उर्फ लाला, अब्दुल बारी, मजीबुल्लाह, मोहम्मद याकूब, मोहम्मद खलील, समीर, रशीद, सरवर, माजिद, अली, सुलेमान, हाफिज इब्राहिम, उमर खान, फैसल, गुलाब, शहादत, शाहिद सहित अन्य मौजूद रहे।