सेमरियावां। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे ग्रामीण युवाओं के लिए गांव में ही पढ़ाई के संसाधन उपलब्ध हो गए। ग्राम पंचायतों में ग्रामीण विद्यार्थियों और युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया गया है। इस पहल से विद्यार्थियों को गांव में ही अच्छी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का अवसर मिलेगा।
सेमरियावां ब्लाॅक में 113 ग्राम पंचायत हैं। पहले चरण में जिगिना, रजापुर सरैया, इनायतपुर, रक्शा देवई, धर्मपुरा, चंगेरा-मंगेरा, बूधाकला, जगदीशपुर उर्फ लहुरा देवा समेत आठ ग्राम पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई है। एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी ने ग्राम पंचायत जगदीशपुर उर्फ लहुरा देवा में स्थापित डिजिटल का स्थलीय निरीक्षण किया और सचिव व पंचायत सहायक को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
सकारात्मक सोच और विकास की नई दिशा के साथ ग्राम पंचायतों में ग्रामीण विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर अध्ययन का माहौल उपलब्ध कराने की पहल की गई है। शुरुआती चरण में सेमरियावां ब्लाॅक के चयनित आठ ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों और पंचायत सचिवालयों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित कराया गया है।
इसका उद्देश्य युवाओं को गांव में ही अध्ययन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है। लाइब्रेरी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा, कौशल विकास व डिजिटल शिक्षण के लिए गांव में ही आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
-
महापुरुषों की जीवनी भी पढ़ेंगे छात्र
प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों के अलावा महापुरुषों की जीवनियां भी यहां रखी गई हैं। अध्ययन के लिए कुर्सी, मेज और बेंच की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक लाइब्रेरी के निर्माण व संसाधनों पर करीब चार लाख रुपये खर्च हुए हैं, जिसमें पुस्तकों, आईटी उपकरणों तथा आधुनिक फर्नीचर की व्यवस्था शामिल है। संचालन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिव और सहायक ग्राम पंचायत अधिकारी को दी गई है।
80 हजार डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध
विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 80 हजार से अधिक डिजिटल अध्ययन सामग्री, ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर, ऑडियो कंटेंट, डिजिटल लर्निंग मॉड्यूल एवं इंटरैक्टिव क्विज उपलब्ध कराए जाएंगे। एडीओ पंचायत राधेश्याम ने बताया कि सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक लाइब्रेरी खुली रहेगी। छात्र व युवा लाइब्रेरी में बैठकर भी अध्ययन कर सकते हैं और जरूरी पुस्तक एक सप्ताह के लिए घर भी ले जा सकते हैं। युवा छात्र-छात्राओं के आने जाने का समय व जारी बुक रजिस्टर में दर्ज होगा।
डिजिटल लाइब्रेरी में ग्रामीण युवाओं को अध्ययन सामग्री मिलेगी। उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए डिजिटल संसाधन भी उपलब्ध होंगे।
- राधेश्याम चौधरी, एडीओ, पंचायत सेमरियावां