संतकबीरनगर। डीआईजी बस्ती संजीव त्यागी ने बृहस्पतिवार को एसपी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय पहुंचने पर सबसे पहले उन्हें गार्द की सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय के विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। जांच के दौरान अभिलेखों को अद्यतन रखने के लिए जिम्मेदारों को आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सीसीटीएनएस रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण, जनशिकायतों की त्वरित व निष्पक्ष जांच कर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने, सीएम डैशबोर्ड, ई-साक्ष्य एप के माध्यम से साक्ष्यों को अपलोड करने, आगंतुकों के साथ सम्मानजनक, गरिमापूर्ण व सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का निस्तारण करने को बताया। साथ ही यातायात व्यवस्था सही रखने, सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने, घटित विभिन्न आपराधिक घटनाओं व पंजीकृत अभियोगों की लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की।
महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करने को बताया। शेष अपहृताओं की सकुशल बरामदगी, पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, शातिर अभ्यस्त अपराधियों को चिह्नित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने, गुंडा एक्ट के अन्तर्गत जिलाबदर की कार्रवाई करने, चोरी, लूट, नकबजनी, छिनैती व वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्य योजना तैयार करके प्रभावी कार्रवाई करने के आदेश दिए।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने, थानाक्षेत्रों के महत्वपूर्ण स्थानों, प्रतिष्ठानों, गांवों, बैंकों, सर्राफा, ग्राहक सेवा केन्द्रों के आसपास कैमरे लगवाने के लिए कहा। गो तस्करी व गोहत्या संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बताया। आईजीआरएस पोर्टल की मासिक रैंकिंग में जनपद को प्रथम स्थान प्राप्त होने पर नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देने का निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी संदीप कुमार मीना, सीओ अजय सिंह, आरआई रामबली यादव, रीडर रामआशीष यादव, लेखाकार उमाशंकर यादव, पीआरओ दुर्गेश पांडेय, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली खलीलाबाद पंकज कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।