इस भीषण गर्मी में जाम में फंसे लोगों की हलक सूख जा रहे हैं। जाम लगने के कारण सड़क किनारे खड़े वाहन बन रहे है। ओवरब्रिज का निर्माण कार्य होने की वजह से मुखलिसपुर रोड स्थित रेलवे क्रासिंग पिछले तीन माह से बंद है। रूट डायवर्जन कर दिया गया है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। वाहन त्रिपाठी मार्केट से होकर विधियानी मार्ग से आ जा रहे हैं। सोमवार को बाजार का दिन होने के कारण सुबह से ही इस मार्ग जाम लगा रहा। इसकी वजह से वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी। इस भीषण गर्मी में काफी देर तक जाम में फंसने से लोग परेशान रहे।
वैसे तो ओवरब्रिज का निर्माण मार्च माह में पूरा हो जाना था, लेकिन रेलवे के हिस्से में निर्माण कार्य काफी देर से शुरू हुआ। इसके कारण अभी भी निर्माण चल रहा है। ऐसे में इस मार्ग से आने वाले वाहनों को विधियानी होकर त्रिपाठी मार्केट और तितौवा स्थित रेलवे क्रासिंग से होकर जाना पड़ रहा है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातयात पुलिस की व्यवस्था भी की गई है, लेकिन इस समय लगन का सीजन चल रहा है, इससे शहर में आने वालों की तादात बढ़ गई है। खलीलाबाद में सोमवार को बाजार लगती है, ऐसे में भीड़ बढ़ गई है।
जिससे त्रिपाठी मार्केट व तितौवा रेलवे क्रासिंग के पास जाम लग रहा है। यहां लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि मुखलिसपुर रेलवे क्रासिंग पर निर्माण की रफ्तार धीमी है, जिससे समस्या खड़ी हो रही है। यही नहीं बाजार करने आने वाले लोग अपने वाहन सड़क के किनारे खड़े कर मार्केट करने चले जा रहे हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने सड़क पर खड़े होने वाले वाहनों पर कार्रवाई कर रही है और उन्हें उठाकर पुलिस लाइन पहुंचा रही है। साथ ही उनके 11 सौ रुपये शुल्क ले रही है, लेकिन इसका भी ज्यादा असर नहीं दिख रहा है, क्योंकि प्रभावशाली लोगों पर लगाम लगाने में पुलिस विभाग भी हाथ खड़े कर दे रहा है। राहगीर राधेश्याम ने कहा कि जाम की समस्या से निजात के लिए ठोस पहल करने की जरूरत है, जबकि रविंद्र कुमार ने कहा कि वाहनों को टैक्सी स्टैंड पर खड़ा कराया जाए, ताकि समस्या से निजात मिल सके।