जिला अस्पताल में लगी मरीजों की भीड़
संतकबीरनगर। बारिश और बीच-बीच में गर्मी और उमस बच्चों की सेहत पर प्रभावित कर रही है। इससे वे बुखार और डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। इनमें डायरिया अधिक परेशान कर रहा है। बच्चों को सांस लेने में दिक्कत भी कुछ मामले सामने आ रहे हैं। बीते तीन दिन में इनसे पीड़ित करीब 250 से अधिक बच्चे उपचार के लिए जिला अस्पताल आ चुके हैं।
जिले में मौसम का मिजाज बार-बार बदल रहा है। कभी बारिश हो जाती है तो कभी तेज धूप के साथ उमस। कभी तेज हवा चलने लगती हैं। इस बदलाव का सर्वाधिक असर बच्चों की सेहत पर देखा जा रहा है।
तीन दिन में ओपीडी में 4 हजार मरीज आए। जिनमें एक हजार बच्चे शामिल थे। बाल रोग की ओपीडी कक्ष में भीड़ लग जा रही है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार का कहना है कि बच्चों की रोग प्रतिरोध क्षमता कमजोर होती है। इसलिए वे डायरिया सहित अन्य बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। इस मौसम में सावधानी आवश्यक है। खान पान पर विशेष ध्यान देना होगा। अस्पताल में बच्चों की सभी आवश्यक दवाएं मौजूद हैं। सेहत प्रभावित होने पर बच्चे को अस्पताल लेकर आएं। चिकित्सक को दिखाकर ही दवा लें।