धनघटा। मौनी अमावस्या पर सरयू नदी में स्नान लगाने के लिए क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। नदी के तट पर लगने वाले मेले में दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजा ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी जगह-जगह बैरिकेडिंग करके घाट की तरफ बड़े वाहनों के प्रवेश को वर्जित कर दिया है। लेकिन नदी के किनारे सफाई नहीं होने की वजह से गंदगी का ढेर लगा हुआ है। प्रशासन की इस लापरवाही से लोगों में नाराजगी है।
बुधवार को मौनी अमावस्या पर्व पर सरयू नदी में डुबकी लगाने के लिए नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालु पहुंच गए हैं। धनघटा क्षेत्र के बिड़हर घाट पर सर्वाधिक भीड़ होती है। कार्तिक पूर्णिमा हो या माघ माह का मौनी अमावस्या यहां भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंगलवार को सरयू नदी में गोता लगाने के लिए संतकबीरनगर, बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़, आंबेडकरनगर से श्रद्धालु और दुकानदार पहुंच कर अपना ठिकाना सहेजना शुरू कर दिए। स्नान के लिए पहुंचे राम असारे, अंगद कुमार, रामसमुझ, रामसनेही, राजाराम व अन्य ने कहा कि इस वर्ष प्रयागराज में महाकुंभ लगा है। कुंभ में नहीं पहुंच पाए तो कम से कम यहीं पर नदी में डुबकी लगा लें। ा