बरौली में रूद्र महायज्ञ के लिए निकली कलश यात्रा-संवाद
महुली। नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम बरौली में आयोजित श्री रुद्र महायज्ञ के लिए शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं ने बिडहर घाट स्थित सरयू तट पर जल भरा। इस महायज्ञ के दौरान नौ दिनों तक श्रीराम कथा के प्रवचन के साथ ही रामलीला का मंचन भी होगा।
बरौली में स्थित बाबा हरदेव नाथ मंदिर पर शनिवार से आयोजित होने वाले नौ दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ के लिए शुक्रवार श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली गई। मुख्य यजमान संगीता और राजेश चतुर्वेदी ने यज्ञाचार्य संतोष कुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में यज्ञ स्थल पर पूजा अर्चना किया। श्री श्री 108 बाबा भूइलोटन दास जी महाराज के निर्देशन में गाजे बाजे और सैकड़ों दो पहिया व चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ शोभायात्रा यज्ञ स्थल से निकल कर समय जी स्थान होते हुए बिडहर घाट के लिए रवाना हुई। ग्राम प्रधान राम विजय कन्नौजिया ने बताया कि लगातार 11वें साल इस बार आयोजित होने वाले श्री रुद्र महायज्ञ के दौरान दिन में वृंदावन धाम से पधारे कथा व्यास अजय कृष्ण शास्त्री जी द्वारा श्रीराम कथा की अमृतमई वर्षा होगी। शाम को रामलीला मंडली द्वारा श्री राम के जीवन को कलाकारों द्वारा जीवंत लीला की जाएगी। कलश यात्रा में वीरेंद्र चतुर्वेदी, अश्वनी चतुर्वेदी, लक्ष्मीकांत चतुर्वेदी, सुमित चतुर्वेदी, राम अनुज चतुर्वेदी, शिवम चतुर्वेदी उर्फ भोलू, संदीप, संतोष, सदानंद, विजय कुमार चतुर्वेदी, ग्राम प्रधान रमेश पासवान, रामपत, दयाराम, सुरेंद्र कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।