लोहरैया। सावन मास शुरू होते ही शिव भक्तों में भगवान भोलेनाथ की भक्ति का उत्साह चरम पर है। चपरा पूर्वी, लहुरेगांव आदि गांवों से बसों में सवार होकर बड़ी संख्या में शिव भक्त शिव मंदिरों की तीर्थ यात्रा पर एक सप्ताह पूर्व निकले थे।
श्रद्धालुओं ने विभिन्न शिव मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक और दर्शन-पूजन कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। रविवार शाम तीर्थ यात्रा से वापस लौटी शिव भक्तों की टीम ने बताया कि सावन मास प्रारंभ होते ही सभी श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर निकल पड़े थे।
यात्रा के दौरान प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम समेत अनेक ऐतिहासिक शिव मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र, परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। शिव भक्तों ने बताया कि सावन में शिवालयों में जलाभिषेक करने का विशेष महत्व है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में लोग दूर-दराज के प्रसिद्ध शिव मंदिरों की यात्रा कर रहे हैं। यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं में भी उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
तीर्थ यात्रा में जितेंद्र वर्मा, अर्जुन, कृष्णचंद्र, कुलदीप सहित बड़ी संख्या में शिव भक्त शामिल रहे। यात्रा पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के प्रति आभार जताया और सावन में पुनः शिवालयों में जलाभिषेक करने का संकल्प लिया।