अफसरों के रवैए निराश फरियादी ने एसडीएम-तहसीलदार के सामने पी लिया सैनिटाइजर
धनघटा(संतकबीरनगर)। जमीन की पैमाइश के लिए गुहार लगाकर थक चुुके फरियादी ने बृहस्पतिवार को धनघटा तहसील सभागार में एसडीएम और तहसीलदार के सामने सैनिटाइजर पी लिया। आनन-फानन एसडीएम बेहोश युवक को लेकर सीएचसी मलौली पहुंचे और इलाज कराया। इसके बाद एसडीएम पुलिस टीम के साथ जमीन की पैमाइश कराने पहुंचे, लेकिन अंधेरा हो जाने की वजह से कार्य पूरा नहीं हो पाया। शुक्रवार को पैमाइश कराई जाएगी।
सैनिटाइजर पीने वाला जय सिंह (42) महुली क्षेत्र के कालीजगदीश का निवासी है। आरोप के अनुसार उसके चाचा राम सुरेश ने कुछ समय पहले अपनी जमीन बेची थी। खरीदने वाले ने उससे सटी उसकी जमीन पर भी कब्जा कर पेट्रोल पंप बनवा लिया। इस पर उसने पैमाइश के लिए एसडीएम कोर्ट में वाद दाखिल किया। पैमाइश का आदेश हो गया, लेकिन कानूनगो और लेखपाल दौड़ाते रहे। बृहस्पतिवार को टीम पैमाइश के लिए गई, लेकिन विपक्षी से मिलकर वापस लौट गई। इसके बाद जय सिंह धनघटा तहसील पहुंचा और एसडीएम व तहसीलदार की मौजूदगी में सैनिटाइजर पी लिया। एसडीएम योगेश्वर सिंह ने बताया कि जय सिंह नशे में था। वह गार्ड को धक्ता दे सभागार में घुसा और सैनिटाइजर पीकर बेहोश होने का ड्रामा किया। उसने मौखिक तौर पर पंप मालिका से जमीन का सौदा किया था, लेकिन उसने पैसा दिए बगैर ही पेट्रोल पंप बनवा लिया।